‘ओटीटी प्लेटफॉर्म’ से लेकर ‘कहां राजा भोज…’ तक, यूपीएससी-2022 के इंटरव्यू में टॉपर्स से पूछे गए हैरान करने वाले सवाल
- Ayodhya Prasad Singh
- Published on 19 Jun 2023, 12:36 am IST
- 1 minute read
हाइलाइट्स
- ये अंतिम बाधाएं हैं, जिन्हें UPSC टॉपर्स ने CSE- 2022 में सिलेक्ट होने के लिए पार किया
- उन्हें सेम सेक्स मैरिज, नामी हस्तियों, प्रोजेक्ट टाइगर, कालबेलिया जनजाति आदि पर सवालों का सामना करना पड़ा
- इंडियन मास्टरमाइंड्स ने कुछ टॉपर्स से बात की और उनसे पूछे गए दिलचस्प सवालों के बारे में जाना
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने यूं तो 23 मई को ही CSE-2022 के रिजल्ट जारी कर दिए थे, लेकिन कई बातें अभी तक चल रही हैं। जैसे- कुछ बेहद प्रेरक, कुछ बेहद दिलचस्प और कुछ इंटरव्यू में पूछे गए बेहद मनोरंजक सवाल।
तैयारी करने वालों को यह जानने की उत्सुकता होनी ही चाहिए कि पिछली बार किस तरह के सवाल पूछे गए थे। तो पिछली बार सेम सेक्स मैरिज से लेकर वैल्यू सिस्टम पर कामकाजी महिलाओं का प्रभाव जैसे ढेरों सवाल थे। कैंडिडेट्स से और भी बहुत ही पेचीदा और साथ ही अंतरराष्ट्रीय संबंधों से लेकर काले धन तक विभिन्न विषयों के गहरे सवाल पूछे गए। बोर्ड के सदस्यों ने उन्हें गलत सवालों से फंसाने की कोशिश भी की!
UPSC-2022 के कई टॉपर्स और सफल कैंडिडेट से बातचीत के बाद इंडियन मास्टरमाइंड्स आया है इंटरव्यू के सवाल- भाग 2 लेकर।
कृतिका गोयल
हरियाणा की कृतिका गोयल ने चौथे प्रयास में AIR 14 के साथ परीक्षा पास की। उनके लिए इंटरव्यू का दौर कठिन था। इसलिए कि उनका ऑप्शनल सब्जेक्ट था- लॉ।
उन्होंने इंडियन मास्टरमाइंड्स को बताया कि उनके इंटरव्यू का 50 प्रतिशत डीएएफ से था और बाकी अन्य विषयों से।उनसे सिविल सेवाओं के बारे में पूछा गया था। यह कि वह इसका भविष्य कैसा देखती हैं। उनसे कानून पर विभिन्न प्रश्न पूछे गए। इनमें समलैंगिक विवाह यानी सेम सेक्स मैरिज और कोर्ट में बढ़ते पेंडिंग केस से संबंधित प्रश्न शामिल थे। उन्होंने जातिगत जनगणना और परिसीमन के अलावा अर्थव्यवस्था और राजनीति पर भी सवालों के जवाब दिए।
भाविका थानवी
जोधपुर की भाविका थानवी ने 100वीं रैंक हासिल की है। उनसे पूछा गया कि उनके थानवी सरनेम का मतलब क्या है। “क्या आप इसे गूगल करके जवाब दे सकती हैं?”
इस पर उन्होंने जवाब दिया: “सर, इसका कोई अर्थ नहीं है और इसे Google पर नहीं खोजा जा सकता है। बहुत सी चीजें आप Google पर भी नहीं पा सकते हैं।”
विदुषी सिंह
विदुषी सिंह ने अपने पहले प्रयास में 21 साल की उम्र में 13वीं रैंक के साथ परीक्षा पास की। उनसे उनके डीएएफ और उनके गृहनगर अयोध्या से सवाल पूछे गए थे। चूंकि जोधपुर उनका जन्म स्थान था, इसलिए उनसे ऐसे प्रसिद्ध सेलिब्रिटी जोड़े के नाम पूछे गए, जिन्होंने उम्मेद भवन में शादी की थी।
उनके ऑप्शनल सब्जेक्ट इकोनॉमिक्स से भी कई सवाल पूछे गए। जैसे: आप कोविड के बाद भारत की वृद्धि को कैसे देखती हैं? कोविड से वर्ल्ड इकोनॉमी कैसे बाधित हुई? क्या भारत को इस ग्लोबल एरा में सप्लाई चेन पर अधिक ध्यान देना चाहिए? उनसे कुछ सिचुएशनल सवाल भी पूछे गए। उनके अनुसार, बोर्ड के सदस्य इंटरव्यू में किसी की विश्लेषणात्मक क्षमता की जांच करते हैं, न कि ज्ञान की।
मैना देवी
नागौर जिले की रहने वाली मैना देवी ने 613वीं रैंक हासिल की है। उनसे राजस्थान के पारंपरिक नृत्य, भारत के शास्त्रीय नृत्य और कालबेलिया जनजातियों पर सवाल पूछे गए। जैसे- कालबेलिया आदिवासियों का इतिहास क्या है? वे क्यों नाचते हैं?
उनका जवाब था, “पहले कालबेलिया आदिवासी सांप और अन्य जहरीले जीवों को पकड़कर अपना जीवन चलाते थे। समय के साथ हमारे देश में वाइल्ड लाइफ एक्ट लागू हुआ और उनके काम पर प्रतिबंध लगा दिया गया। ऐसे में उन्होंने इस संस्कृति को अपना पेशा बना लिया। अपना जीवन चलाने के लिए। इस प्रकार उनकी संस्कृति में नृत्य और गायन बहुत महत्वपूर्ण हैं।”
वह एक पेचीदा सवाल में भी फंस गई थीं। उनसे पूछा गया कि उनके जिले में फ्लोराइड के कारण एलीफैंट फुट रोग की समस्या है। तो, इसके लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए?इस सवाल ने उन्हें चौंका दिया और उनके पास कोई तैयार जवाब नहीं था। बहुत विचार करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि यह कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा, “मैं समझ गई कि मुझे फंसाया जा रहा है, इसलिए मैंने उन्हें तुरंत बताया कि यह बीमारी फ्लोराइड वाले पानी से नहीं होती है। यह एक गलत सवाल है।”
स्वाति शर्मा
मध्यप्रदेश के जबलपुर की रहने वाली स्वाति शर्मा ने अपने तीसरे प्रयास में 15वीं रैंक हासिल की। इंटरव्यू राउंड में उनसे ओटीटी प्लेटफार्मों के बारे में सवाल पूछा गया था कि वे समाज में महिलाओं की स्थिति को कैसे प्रभावित करते हैं।
उन्होंने अपने मन में एक अच्छा उत्तर बनाने के लिए थोड़ा संघर्ष किया। फिर सटीक जवाब से बोर्ड के सदस्यों को प्रभावित करने में सफल रहीं।
अभिजीत सिंह यादव
जयपुर के अभिजीत ने 440वीं रैंक हासिल की है। उनसे पूछा गया कि सेम सेक्स मैरिज सही है या गलत? उन्होंने जवाब दिया कि “सेम सेक्स मैरिज एक ऐसा मुद्दा या मामला है, जिसकी वैधता तय करने की जिम्मेदारी समाज पर ही छोड़ दी जानी चाहिए। यह मामला समाज से ही जुड़ा हुआ है और इसका सबसे ज्यादा असर इसी पर पड़ने वाला है।”
शिशिर कुमार सिंह
यूपी के बलिया के शिशिर कुमार सिंह ने अपने चौथे प्रयास में 16वीं रैंक हासिल की। बता दें कि वह पहले से ही वाराणसी में एसडीएम के रूप में कार्यरत हैं। इसलिए इंटरव्यू में उनसे अधिकतर सवाल उनकी नौकरी और डीएएफ के आसपास से थे
उनसे पूछे गया: आपका जॉब प्रोफाइल क्या है? आपकी नौकरी में अब तक का सबसे अच्छा काम क्या है? क्या अधिक महत्वपूर्ण है: अधिकार या कर्तव्य?दिलचस्प बात यह है कि उनसे उनके ऑप्शनल सब्जेक्ट मैथ्स से कोई प्रश्न नहीं पूछा गया था।
पूजा बरवाल
पूजा बरवाल राजस्थान के सवाई माधोपुर की रहने वाली हैं, और उन्होंने 806 एआईआर के साथ यूपीएससी-2022 क्रैक किया है। उनसे इस तरह के सवाल पूछे गए- क्या निचली अदालतों के जजों के लिए गलत फैसलों पर सजा का प्रोविजन होने चाहिए?उन्होंने जवाब दिया, “नहीं सर, अगर ऐसा होता है तो जज फैसला सुनाने से कतराएंगे। तब स्वतंत्र न्याय की अवधारणा खत्म हो जाएगी। साथ ही, अलग-अलग फैसलों के कई कारण होते हैं, जैसे सबूत और गवाह।”
लघिमा तिवारी
लघिमा तिवारी ने अपने पहले प्रयास में ही 19वीं रैंक के साथ सीएसई 2022 में सफलता हासिल की। इंटरव्यू राउंड के लिए उन्होंने दो क्षेत्रों- डीएएफ की तैयारी और समसामयिक मामलों पर ध्यान केंद्रित किया था। टॉपर ने इंडियन मास्टरमाइंड से कहा, “मेरा अनूठा नाम है। इसलिए पैनलिस्ट ने मुझसे मेरे नाम का अर्थ पूछा। फिर स्वच्छ भारत अभियान, प्रोजेक्ट टाइगर और अन्य मुद्दों पर बहुत प्रश्न पूछे।”
राकेश कुमार
राजस्थान के पाली के राकेश कुमार ने 773वीं रैंक हासिल की है। उनसे नक्सलियों, पानी की समस्या और काले धन पर सवाल पूछे गए थे। जैसे- “आपने अवैध स्रोतों से बहुत काला धन कमाया है, लेकिन अब आपने टैक्स जमा कर दिया है, तो क्या वह काला धन अब सफेद हो गया है?” उन्होंने जवाब दिया, “इनकम टैक्स जमा करने के बाद काले धन को सफेद किया जा सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं अवैध रूप से काला धन कमाने के अपराध से बरी हो गया हूं। कानूनी कार्रवाई अभी भी मुझ पर हो सकती है।”
अनुष्का शर्मा
न्यूयॉर्क से ग्रेजुएट अनुष्का शर्मा ने AIR 20 के साथ CSE 2022 क्लियर किया। उनसे करंट अफेयर्स पर अधिक प्रश्न पूछे गए। इंटरव्यू का प्रमुख हिस्सा संयुक्त राष्ट्र के इर्द-गिर्द केंद्रित था। जैसे- उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की इंटर्नशिप कैसे प्राप्त की? क्या संयुक्त राष्ट्र अफ्रीका के लिए पर्याप्त काम कर रहा है? महिलाओं के काम करने का भारत में वैल्यू सिस्टम पर क्या प्रभाव पड़ा है, खासकर बच्चों पर?उनसे डी-डॉलराइजेशन पर भी पूछा गया था। एक पैनलिस्ट ने उससे पूछा-क्या भारत का कोई रणनीतिक दुश्मन या गठबंधन है कि वह किसी कैंप में शामिल नहीं हुआ है?
गुंजीता अग्रवाल
चार बार फेल होने के बाद गुंजीता की सफलता UPSC 2022 में AIR 26 के साथ आई। उनसे प्रसिद्ध कहावत, ‘कहां राजा भोज और कहां गंगू तेली’ और इस लाइन में आए दोनों राजाओं के वास्तविक जीवन और इतिहास के बारे में पूछा गया।उनसे मिश्रित-लिंग यानी मिली-जुली जेंडर वाली क्रिकेट टीम पर उनके विचारों के बारे में भी पूछा गया था। साथ ही यह कि क्या ऐसी टीम को बनाने के लिए यह सही समय है।गुंजीता ने कहा, “मैं टेनिस को भी फॉलो करती हूं। इसलिए अपने जवाब के लिए इसे एक संदर्भ के रूप में इस्तेमाल किया। इसलिए कि टेनिस में मिक्स्ड डबल होता है और अच्छा काम करता है। फिर महिला आईपीएल आ रहा है। मेरा मानना है कि क्रिकेट में मिक्स्ड जेंडर वाली टीमों को पेश करने का यह सही समय है।”
चैतन्य अवस्थी
कानपुर के चैतन्य अवस्थी ने अपने पहले ही प्रयास में AIR 37 के साथ UPSC CSE-2022 पास किया। इंटरव्यू में उनसे उनके डीएएफ और ऑप्शनल सब्जेक्ट से अधिक प्रश्न पूछे गए। उनसे कानपुर के बारे में भी सवाल पूछे गए।उनसे भारतीय बायोपिक्स के बारे में भी पूछा गया क्योंकि फिल्म देखना उनका शौक है। उनसे एक सवाल किया गया, “बायोपिक फिल्में क्यों बन रही हैं?” फिर कानून से कई प्रश्न थे। जैसे: सेम सेक्स मैरिज में क्या समस्याएं हैं? सरकार ऐसी शादी के पक्ष में क्यों नहीं है? गरीबों के लिए न्याय व्यवस्था को कैसे सुधारा जाए? क्या कानून गरीबों के लिए बराबर है? अधिकांश विचाराधीन कैदी जेल में क्यों हैं?
सूरज तिवारी
यूपी के मैनपुरी के सूरज ने एक दुर्घटना में अपने तीन अंग खो दिए हैं। फिर भी उन्होंने बाएं हाथ की सिर्फ तीन अंगुलियों से परीक्षा दी। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 917 रैंक प्राप्त की। इंटरव्यू में पैनलिस्टों ने उनसे उनके गृहनगर और ग्रेजुएशन के लिए रूसी भाषा की उनकी पसंद के बारे में पूछा।उन्होंने चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी सवाल किया – युद्ध कब रुकेगा? इस युद्ध के संभावित परिणाम क्या हैं? युद्ध दुनिया को कैसे प्रभावित कर रहा है? ऐसे ही कई सवाल थे।
END OF THE ARTICLE